सूरज उपाध्याय संत कबीर नगर
पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर में चल रहे मेगा ब्लॉक के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे के कार्य के चलते 12 अप्रैल से शुरू हुआ यह मेगा ब्लॉक 3 मई तक जारी रहेगा। इस दौरान 15 प्रमुख ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इनमें देहरादून एक्सप्रेस, मुंबई एलटीटी, अमरनाथ, जन साधारण एक्सप्रेस, सीएसएम अंत्योदय, गोरखधाम, पूणे एक्सप्रेस, राप्ती सागर, यशवंतपुर एक्सप्रेस और आनंद बिहार एक्सप्रेस शामिल हैं। कई ट्रेनों के रूट भी बदल दिए गए हैं। खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। पैसेंजर ट्रेनों के रद्द होने से आम यात्रियों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। यात्री लक्ष्मी नारायण मिश्रा ने बताया कि उन्होंने मुरादाबाद के लिए 2 महीने पहले टिकट बुक किया था। स्टेशन पहुंचने पर पता चला कि ट्रेन रद्द है। एक अन्य यात्री वाजिद को मुंबई जाना था। उन्होंने पहले से टिकट बुक किया था, लेकिन ट्रेन नहीं आई। यात्री अशोक पासवान को गोरखपुर जाना था। वे 6 घंटे से ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। अब उन्हें बस से यात्रा करनी पड़ेगी। रेलवे स्टेशन पर रद्द की गई ट्रेनों की सूची लगा दी गई है। यात्री इस जानकारी के आधार पर अपनी यात्रा की योजना बना रहे हैं।