बकरीद से पहले ईदगाह व मस्जिदों में हुई साफ-सफाई

390

ईशू सिंह

इटावा। ईद उल अजहा बकरीद को लेकर नगर पालिका परिषद ने ईदगाह सहित शहर की सभी मस्जिदों में सफाई शुरू कराई। चेयरमैन प्रतिनिधि और अधिशासी अधिकारी ने शुक्रवार को ईदगाह पहुंचकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।निरीक्षण के बाद चेयरमैन प्रतिनिधि फुरकान अहमद ने कहा ईदगाह में नमाज परिसर के अंदर होगी। प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थानों पर ही कुर्बानी होगी। शासन और प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए पर्व को मिलजुल कर मनाएं।

नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि फुरकान अहमद और अधिशासी अधिकारी विनयमणि त्रिपाठी ने ईदगाह में चल रही सफाई का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि ईदगाह सहित शहर की सभी मस्जिदों में शनिवार तक सफाई पूरी करा लें। 10 जुलाई को सुबह बकरीद की नमाज होगी। इस बात का विशेष ध्यान रखें कि कुर्बानी से किसी पड़ोसी को भी तकलीफ न हो। कुर्बानी का जो कचड़ा निकले उसे फेके नहीं, नगर पालिका कर्मी उसे उठाकर ले जाएंगे।

बकरीद पर सफाई और पेयजल की बेहतर व्यवस्था रहेगी। अधिशासी अधिकारी विनयमणि त्रिपाठी ने कहा कि पालिका द्वारा ईदगाह सहित सभी मस्जिदों की सफाई व्यवस्था की जा रही है। पर्व के दिन पेयजल आपूर्ति भी सुचारू रूप से रहेगी। इसके लिए नगर पालिका कर्मियों को तैनात कर दिया गया है।